आपसी खींचतान से गरमाई जदयू की राजनीति, सांसद बोले न्यायपालिका पर भरोसा, अर्पणा ने कहा मामा को बदनाम करने की साजिश
भागलपुर। जेडीयू की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। गोपालपुर से जेडीयू के बड़बोले विधायक गोपाल मंडल ने रविवार को भागलपुर सांसद अजय मंडल और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कुमारी अपर्णा को लेकर विवादित बयान क्या दिया। इससे पार्टी में भूचाल आ गया है। वार – पलटवार का सिलसिला थम नहीं रहा है। फिलवक्त, सांसद विधायक गोपाल मंडल के अमर्यादित शैली के बदले शालीनता से जवाब दे रहे हैं। आज प्रेस वार्ता में सांसद ने सलीके से विधायक गोपाल मंडल के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है। पार्टी जो फैसला करेगी, मुझे मंजूर है।
गोपाल मंडल ने कहा कि अजय मंडल HIV पॉजिटिव हैं और उन्हें संसद में जाने से रोका जाना चाहिए। साथ ही, अपर्णा को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बयान ने राजनीति में बवाल मचा दिया।
बयान के बाद अजय मंडल ने घोघा थाना में गोपाल मंडल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फिर कुमारी अपर्णा के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता की। अजय मंडल बोले, “मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। झूठे आरोपों से डरने वाला नहीं हूं। पार्टी जो फैसला करेगी, मुझे मंजूर होगा।”
वहीं प्रेस वार्ता में अपर्णा ने भी तीखा हमला बोला। कहा, “अजय मंडल मेरे मामा हैं। गोपाल मंडल यह बात जानते हैं, फिर भी उन्होंने मर्यादा लांघी। बयान पूरी तरह बेबुनियाद और घटिया मानसिकता का परिचायक है। मैंने पार्टी आलाकमान से शिकायत की है।”
प्रेस वार्ता में अजय मंडल के भाई अनुज मंडल और फूफेरे भाई भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह आरोप एक राजनीतिक साजिश है। कुछ लोग जानबूझकर अजय मंडल की छवि खराब करने में लगे हैं।
इस विवाद ने जदयू को असहज स्थिति में ला दिया है। पार्टी की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सबकी नजरें पार्टी आलाकमान और न्यायालय पर टिकी हैं। फिलहाल भागलपुर की सियासत गरम है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।



