मुहर्रम जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे एवं सीसीटीवी से करवाने का निर्देश, लूज विद्युत तारों को करें दुरुस्त

भागलपुर। जिला दंडाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के कार्यालय कक्ष में मुहर्रम त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नगर आयुक्त शुभम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (सदर) अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (सदर) द्वारा बताया गया कि शहरी क्षेत्र के मोहर्रम जुलूस मार्ग किला घाट, विश्वविद्यालय भागलपुर से आशा नंदपुर, रेलवे ओवरब्रिज से पंखा टोली होते हुए शाहजहांगी तक की सड़क में कार्य करवाने की आवश्यकता है।

जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त को इस पर तत्काल ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूस में लोग नंगे पांव चलते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर कहीं भी कंकड़-पत्थर न हों। मार्ग में कहीं भी अतिक्रमण न हो; ठेला-खोंचा एक ही ओर लगे ताकि जुलूस के निकलने में कोई कठिनाई न हो।

उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि जुलूस मार्ग में पड़ने वाले ढीले (लूज) विद्युत तारों की जांच कर उन्हें ठीक करवाएं। नगर निगम को मार्ग में पानी के टैंकर की व्यवस्था करने तथा स्वास्थ्य विभाग को किला घाट और शाहजहांगी में एंबुलेंस की व्यवस्था रखने हेतु निर्देशित किया गया।

जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे एवं सीसीटीवी से करवाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग के प्रत्येक हिस्से में पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *