रांची में ऑर्किड ब्लड सेंटर का उद्घाटन, सुरक्षित रक्तदान को नई दिशा

रांची : ऑर्किड मेडिकल सेंटर स्थित शोणित फाउंडेशन द्वारा प्रबंधित ऑर्किड ब्लड सेंटर का उद्घाटन रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में अनेक अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति से इसे गौरवान्वित किया। इस अवसर पर सभी व्यक्तियों और संगठनों का सम्मान किया गया जिन्होंने रक्तदान शिविरों के आयोजन और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शोणित फाउंडेशन, जो 2014 से झारखंड में स्वैच्छिक रक्तदान और सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के क्षेत्र में सक्रिय है, इस केंद्र का संचालन करेगा और राज्य में रक्तदान की संस्कृति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर शोणित फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अरविंद कुमार झा एवं ऑर्किड मेडिकल सेंटर के सीएओ डॉ. पी. के. गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ऑर्किड मेडिकल सेंटर के निदेशक सिद्धांत जैन ने कहा कि ऑर्किड की स्थापना से ही हमारा उद्देश्य केवल रोगों का इलाज करना नहीं, बल्कि समाज की सेवा करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा है। समय के साथ हमने अपने संसाधनों और सेवाओं का विस्तार किया और नई तकनीकों तथा कुशल मानव संसाधनों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया है। ऑर्किड ब्लड सेंटर, जिसे हमने शोणित फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किया है, उसी सोच की अगली कड़ी है। यह सिर्फ एक सुविधा नहीं है, बल्कि समय पर, सुरक्षित और सुलभ रक्त उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

ऑर्किड ब्लड सेंटर अब रांची और आसपास के क्षेत्रों में रक्तदान और संग्रह के लिए आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ स्टाफ के साथ एक भरोसेमंद केंद्र के रूप में कार्य करेगा और झारखंड में रक्तदान की संस्कृति को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *