जनता का सहयोग मिला तो बिहार बनेगा देश का अव्वल राज्य : नीतीश कुमार

दरभंगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दरभंगा के ऐतिहासिक पोलो मैदान में एक विशाल नामांकन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर इस बार फिर जनता का भरपूर सहयोग मिला, तो बिहार को देश का अव्वल राज्य बना देंगे। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी विकास कार्य हुए हैं, वे सिर्फ जनता के सहयोग और समर्थन से ही संभव हो पाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, सिंचाई, और कानून-व्यवस्था के क्षेत्रों में जो प्रगति की है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि हमने हर जिले, हर गांव, हर पंचायत तक विकास की रोशनी पहुँचाई है। यदि आप फिर से सेवा का अवसर देंगे, तो बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में लाकर खड़ा कर देंगे।

सभा में नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले में हुए विकास कार्यों की भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे दरभंगा में नए एम्स, सड़क नेटवर्क, पुलों और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट की शुरुआत से उत्तर बिहार के विकास को नई गति मिली है, और इसे और विस्तार देने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर योजना का लाभ हर वर्ग तक पहुँचे, चाहे वह गरीब हो, महिला हो, दलित हो या अल्पसंख्यक। उन्होंने कहा, हमने सात निश्चय योजना के माध्यम से हर घर तक नल का जल, हर घर शौचालय, और युवाओं को आर्थिक सहायता पहुँचाने का काम किया है। अब सात निश्चय-2 के अंतर्गत नई योजनाओं को गति दी जा रही है।

जनसभा में मौजूद भारी जनसमूह को देखकर मुख्यमंत्री ने धन्यवाद दिया और कहा कि

दरभंगा जिला के 10 विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी को आप भारी बहुमत से जिताएं।

सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के  कार्यकारी अध्यक्ष व संसद संजय कुमार झा, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, दरभंगा शहर से भाजपा प्रत्याशी व बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी, हायाघाट के प्रत्याशी व बिहार सरकार के मंत्री मदन साहनी, दरभंगा ग्रामीण के प्रत्याशी ईश्वर मंडल, हायाघाट के प्रत्याशी व विधायक रामचंद्र प्रसाद, बेनीपुर के प्रत्याशी व विधायक विनय कुमार चौधरी ने सम्बोधित किया। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *