आप के सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा के अश्विनी मिश्रा सहित लातेहार के सैकड़ों कार्यकर्ता झामुमो में शामिल

रांची: राजधानी रांची के हरमू स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय में शनिवार को भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लातेहार जिले की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख चेहरों ने झामुमो का दामन थामा।

Oplus_131072

आम आदमी पार्टी के युवा नेता सौरभ श्रीवास्तव और भारतीय जनता पार्टी के नेता अश्विनी मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने औपचारिक रूप से झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बड़ी संख्या में महिला, युवा और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता भी पार्टी में शामिल हुए।
मिलन समारोह के दौरान झामुमो के केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय और लातेहार जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शहदेव ने सभी नवप्रवेशी नेताओं और कार्यकर्ताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई गई तथा सदस्यता प्रमाण पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर पार्टी की नीति, सिद्धांत और संगठनात्मक संरचना की जानकारी दी गई और सभी को पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। यही कारण है कि समाज के हर वर्ग में झामुमो के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं।
इस मौके पर सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विचारों, संघर्ष और जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने झामुमो में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी कई लोग विकास से वंचित हैं। ऐसे इलाकों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे झामुमो के एक सिपाही के रूप में पार्टी के हर आदेश का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।
वहीं लातेहार जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शहदेव ने दावा किया कि इस मिलन समारोह के साथ ही लातेहार में भाजपा का राजनीतिक आधार कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि चंदवा प्रखंड, जिसे भाजपा का गढ़ माना जाता था, वहां से अश्विनी मिश्रा के साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं का झामुमो में शामिल होना बदलाव का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा सहित अन्य दलों के कई और नेता व कार्यकर्ता झामुमो से जुड़ेंगे।
कार्यक्रम में रोहित अग्रवाल उर्फ जोनी, करण कुमार, दुर्गा कुमारी, बुधन गंझू, कमलेश उरांव, लीलामणि देवी, अनुरोध कुजूर, अशोक भुइंया, बल्कु मुंडा, नीलम देवी, रिंकी देवी, सुशीला देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *