अंतरास्ट्रीय महिला दिवस पर पटना समाहरणालय में सम्मान समारोह
पटना। राजधानी पटना में शनिवार को समाहरणालय के मुख्य सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की बतौर मुख्य अतिथि
अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग-सह-अध्यक्ष प्रबंध निदेशक, महिला व बाल विकास निगम हरजीत कौर मौजूद थीं।
सर्वप्रथम अपर मुख्य सचिव द्वारा पालनाघर का उद्घाटन किया गया। तत्पश्चात् इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य सभागार में अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व पौधा देने के साथ किया गया। वहीं पटना डीएम डॉ चन्द्रशेखर द्वारा स्वागत संबोधन करते हुए सभागार में उपस्थित सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि जहां तक लैंगिक समानता की बात है तो इसका उद्देश्य यह है कि जिसकी जो विशिष्टता या क्षमता है, जो अस्तित्व है उसका सम्मान हो। अपने-अपने क्षेत्र में हम लोग सभी लोग आगे बढ़ें।
फिर जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण व जेंडर हिंसा के विरूद्ध कार्य करने के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा शपथ ग्रहण दिलवाया गया। इस सिलसिले में अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं व महिलाओं द्वारा अनुभव साझा किया गया। इस कार्यक्रम में पद्मश्री सुधा वर्गीस ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए सभी महिलाओं को प्रेरित किया। महिलाओं पर आधारित कुछ लघु फिल्म भी दिखाए गए। जो महिलाएं अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं हैं उन्हें अपर मुख्य सचिव द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मार्ट वाॅच दे कर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण विभाग की अपर मुख्य सचिव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें खुद ही सशक्त बनना होगा और अपने लिए आवाज उठानी होगी। समाज के विभिन्न आयामों जैसे बैंक, कोर्ट, पुलिस स्टेशन, अस्पताल इत्यादि से जुड़ी जानकारी हर महिला को होनी चाहिए। ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। आज महिलाओं को सशक्त करने के लिए सरकार द्वारा बहुत सी योजनाएं चलायी जा रही हैं। परंतु यदि महिलाएँ स्वयं कदम नहीं बढ़ाएंगी तो सशक्त कैसे होंगी? उन्होंने कहा कि यदि हम लड़कियों और लड़कों को एक जैसी परवरिश और सुविधाएं दें तो लड़कियां लड़कों से बेहतर करेंगी। साथ ही लैंगिक समानता के लिए महिला और पुरुष दोनों को घर और बाहर के कामों तथा बच्चों की परवरिश में समान रूप से जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
अन्त में इस कार्यक्रम का समापन उप विकास आयुक्त द्वारा धन्यवाद ज्ञापन कर किया गया। साथ ही गाँधी मैदान के रीजेंट सिनेमाघर में लापता लेडीज फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा बिहार के सभी जिलाधिकारियों को अपने जिला में महिला दिवस मनाया गया।
इसके साथ ही महिला दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा बिहार के सभी जिला के थिएटर में मुफ्त में लापता लेडीज फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

