हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा का पांच दिवसीय सालाना उर्स मेला का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया
रांची : राजधानी रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा का पांच दिवसीय सालाना उर्स मेला गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शुरू हुआ। मेले का उद्घाटन रांची महानगर अल्पसंख्यक विभाग के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने चादरपोशी कर औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह में रविंद्र सिंह, विनय सिन्हा दीपू, केदार पासवान, शशि भूषण राय, अर्शदुल क़ादरी, ग़ुलाम रब्बानी, अख़्तर अली, कुमार राजा सहित अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाकर अमन-शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।
आयोजकों ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस उर्स मेले में कव्वाली, चादरपोशी, महफिल-ए-समा और सामूहिक दुआ जैसे धार्मिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों जायरीन (श्रद्धालु) मेले में शामिल होकर बाबा से अपनी मन्नतें पूरी होने की प्रार्थना करेंगे।
उर्स मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब का भी प्रतीक माना जाता है। यहां हर धर्म और वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले में दुकानों की रौनक भी देखने को मिल रही है। समापन दिवस पर विशेष दुआ और कुरानखानी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।



