गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा हमला, जेडीयू सांसद अजय मंडल और झारखंड के मंत्री संजय यादव को दिया कड़ा संदेश

भागलपुर। गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर अपने तीखे तेवर दिखाते हुए जेडीयू सांसद अजय कुमार मंडल और झारखंड सरकार में मंत्री संजय यादव पर जमकर निशाना साधा है। जिले के सभी सातों विधानसभा से एनडीए प्रत्याशियों की प्रचंड जीत के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में दुबे ने दोनों नेताओं को सीधे-सीधे ललकारते हुए कहा कि राजनीति ने इन्हें ‘अहसान फरामोश’ बना दिया है।

दुबे ने लिखा कि भागलपुर उनका घर है और उनके संस्कार इसी शहर की देन हैं, लेकिन पहली बार उनका मन इस वजह से विचलित हुआ कि अजय मंडल ने उन्हें सीधी चुनौती दे डाली। दुबे के अनुसार, उन्होंने मंडल के लिए व्यक्तिगत स्तर पर काफी कुछ किया, लेकिन राजनीति की महत्वाकांक्षा ने उन्हें ‘अंधा’ कर दिया।

सिर्फ अजय मंडल ही नहीं, दुबे ने झारखंड के मंत्री संजय यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संजय यादव ने उनकी ‘कुंडली निकालने’ की धमकी तक दे दी, जो उन्हें नागवार गुज़री।

भाजपा सांसद ने साफ कहा कि भागलपुर किसी की दादागिरी से डरने वाला नहीं है। उन्होंने खुद को ‘मोदी जी का सिपाही’ बताते हुए कहा कि जब तक बाबा बैद्यनाथ और उनके पारिवारिक गुरु लाहिड़ी महाशय / महावतार बाबा की कृपा उन पर बनी है, तब तक किसी भी तरह की धमकी उन्हें नहीं डिगा सकती। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि जनता ही ऐसे ‘अहसान फरामोश नेताओं’ को वास्तविक जवाब देगी। दुबे ने अपने पोस्ट का समापन ‘जय शिव’ के साथ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *