घाटशिला उपचुनाव : झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने किया नामांकन, सीएम हेमंत सोरेन सहित पार्टी के कई नेता रहे मौजूद
रांची: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर शुक्रवार का दिन झामुमो और महागठबंधन के लिए बेहद अहम रहा। इस दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने बड़े जोश के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, कई मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन से पहले दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में एक विशाल जनसभा आयोजित की गई, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि “घाटशिला की जनता एक बार फिर झामुमो पर भरोसा जताएगी।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के सपनों को साकार किया जा सके।
गौरतलब है कि घाटशिला विधानसभा सीट रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। उनके पुत्र सोमेश सोरेन पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं और अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।
इस उपचुनाव में सोमेश सोरेन का मुकाबला एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन से है, जो पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र हैं। ऐसे में घाटशिला की यह लड़ाई केवल दो उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि दो राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा और जनसमर्थन की परीक्षा बन गई है।



