चाईबासा में दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव,घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया
चाईबासा : चाईबासा जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के पास मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से हावड़ा जा रही दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना हुई। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन के ए-4 कोच की खिड़की पर पत्थर फेंका, जिससे एक यात्री घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 33 नंबर सीट पर बैठे यात्री की खिड़की पर पत्थर लगने से शीशा टूट गया और बोगी में अफरातफरी मच गई। यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा था कि अचानक ट्रेन में पत्थरबाजी क्यों होने लगी। कुछ यात्रियों ने कहा कि लुटपाट की घटना को अंजाम देने डकैत ट्रेन में घुसे हैं। वहीं पथराव की घटना में घायलों को ट्रेन स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। चोटें गंभीर न होने के कारण वह यात्री अपनी यात्रा जारी रख सका।
इस घटना की सूचना ट्रेन टीटी ने रेल आरपीएफ को दी। रेलवे और आरपीएफ के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पथराव करने वाले अब तक पकड़ में नहीं आए हैं। रेलवे अधिकारियों ने आस-पास के गांवों और रेलवे लाइन के किनारे रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। खासकर अपराध प्रवृत्ति वाले वैसे लोगों से रेलवे पुलिस के द्वारा पूछताछ किया जा रहा है।



