गैंगस्टर राहुल सिंह से पिता ने तोड़ा रिश्ता, शपथ पत्र में कहा- अब कोई संबंध नहीं
लातेहार : कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह से उसके पिता कलेश्वर सिंह ने रिश्ता तोड़ कर अपनी जमीन जायदाद से बेदखल कर दिया है। चंदवा गांव में रहने वाले 54 वर्षीय कलेशवर सिंह ने नोटरी के समक्ष शपथ पत्र देकर घोषणा की है कि उनका पुत्र अब उनकी किसी भी चल-अचल संपत्ति पर हकदार नहीं होगा। कलेशवर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी का नाम आरमी देवी है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियां प्रतिमा देवी और होलीका देवी की शादी हो चुकी है और वे अपने-अपने परिवार के साथ खुशी से रह रही हैं। वहीं छोटा बेटा मनोहर सिंह मजदूरी काम कर परिवार का भरण-पोषण करने में मदद करता है।
कलेशवर सिंह के अनुसार, उनका बड़ा बेटा राहुल सिंह दो साल पहले परिवार से विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था। परिवार ने उसकी काफी खोजबीन की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। कुछ समय बाद जब परिवार चंदवा थाना पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि राहुल सिंह असामाजिक तत्वों के संपर्क में रहकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया है। वह गैंगस्टर बन गया है। इसे सुनकर परिवार बेहद आहत हुआ।
कलेशवर सिंह ने शपथ पत्र जारी करते हुए कहा कि आज से और भविष्य में भी राहुल सिंह से उनका कोई संबंध नहीं रहेगा और न ही वह उनकी किसी संपत्ति का दावेदार होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि राहुल द्वारा आगे किसी भी अपराध या विवाद की स्थिति में परिवार जिम्मेदार नहीं होगा।



