अपर बाजार की दुकानें खाली कराने के निर्देश पर भड़के व्यवसायी, किरायेदार संघ की आपात बैठक

रांची : रांची नगर निगम द्वारा अपर बाजार स्थित दुकानों को खाली करने के निर्देश के बाद शनिवार को रांची नगर निगम किरायेदार संघ की आपात बैठक अग्रसेन भवन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने हिस्सा लिया और नगर निगम के प्रस्तावित निर्णय का विरोध करते हुए इसे हजारों लोगों की आजीविका पर संकट बताया।

व्यवसायियों ने कहा कि नगर निगम अपर बाजार में मल्टी-स्टोरी व्यावसायिक भवन का निर्माण कराने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए वर्तमान किरायेदारों को दुकानें खाली करने का निर्देश दिया गया है। निगम का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी दुकानदारों को नए भवन में दुकानें आवंटित की जाएंगी। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि भवन निर्माण में चार से पांच वर्ष लग सकते हैं। इस दौरान करीब 700 दुकानदारों के साथ-साथ दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी और हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

बैठक में मौजूद व्यवसायी कुणाल आजमानी, मुकेश अग्रवाल, पवन शर्मा, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित अन्य व्यापारियों ने कहा कि वे पिछले 80 से 90 वर्षों से अपर बाजार में व्यवसाय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपर बाजार पूर्वी भारत के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल है, जहां प्रतिदिन करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। व्यवसायियों का कहना है कि वे नियमित रूप से नगर निगम को किराया देते रहे हैं, इसके बावजूद बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें खाली कराने का निर्णय उचित नहीं है।

व्यापारियों ने नगर निगम के इस कदम को “तुगलकी फरमान” बताते हुए कहा कि वे इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे नगर विकास विभाग के मंत्री से मुलाकात करेंगे और अपनी बात रखेंगे। व्यवसायियों का कहना है कि बिना पुनर्वास की ठोस व्यवस्था किए दुकानों को उजाड़ना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *