राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में विद्या की आराधना, सरस्वती पूजा में डूबे शैक्षणिक संस्थान
रांची: बसंत पंचमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से लेकर लक्ष्य फिजिकल एकेडमी तक, हर ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। रांची कॉलेज के पीजी हॉस्टल में आकर्षक ढंग से मां सरस्वती प्रतिमा को सजाया गया था। पूरे विधि विधान से स्टूडेंट ने पूजा अर्चना की।
वहीं रांची विमेंस कॉलेज में भी मां सरस्वती की पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित की गई। कॉलेज परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया, जहां विधि-विधान से मां शारदे की भव्य प्रतिमा की स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई।
इस मौके पर छात्र-छात्राएं और शिक्षक पारंपरिक वेशभूषा में मां सरस्वती की आराधना में लीन नजर आए। मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चों ने मां से विद्या, बुद्धि और सद्बुद्धि का आशीर्वाद मांगा।



