राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज, टीएमबीयू परिसर का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा
भागलपुर। भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में इस माह प्रस्तावित संभावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन की सक्रियता तेज हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी और एसएसपी हृदयकांत ने प्रशासनिक टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।सिटी एसपी, डीडीसी, नगर आयुक्त, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर स्थित शहीद तिलकामांझी की प्रतिमा स्थल और नव-निर्मित इंडोर स्टेडियम का भी मुआयना किया।
बाढ़ पीड़ितों के अस्थायी आवास पर डीएम ने जताई नाराजगी :निरीक्षण के दौरान इंडोर स्टेडियम के रास्ते में बाढ़ पीड़ितों के अस्थायी आवास को देखकर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को ऊँचे और वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। प्रॉक्टर डॉ. अर्चना कुमारी साह ने जानकारी दी कि मारवाड़ी कॉलेज के पीछे स्थित बाल निकेतन परिसर में उन्हें अस्थायी रूप से रखा जा सकता है।
इंडोर स्टेडियम में बैठक, कार्यक्रम की रूपरेखा पर हुई चर्चा :निरीक्षण के बाद डीएम ने विश्वविद्यालय अधिकारियों और कार्यक्रम आयोजन समिति के सदस्यों के साथ इंडोर स्टेडियम में बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की संभावित रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी ली गई। प्रतिमा स्थापना समिति के अध्यक्ष डॉ. शम्भू दयाल खेतान और सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह ‘गंगा’ ने बताया कि 15 अगस्त तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
प्रतिमा स्थापना समिति की बैठक, तैयारियों की समीक्षा :मौके पर प्रतिमा स्थापना समिति की भी एक बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की व्यापक समीक्षा की गई। बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। समिति ने बताया कि जनसहयोग से अमर शहीद तिलकामांझी की आदमकद कांस्य प्रतिमा जयपुर से बनकर विश्वविद्यालय पहुंच चुकी है।प्रतिमा का अनावरण महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही ‘तिलकामांझी स्मृति ग्रंथ सह स्मारिका’ का भी राष्ट्रपति के हाथों विमोचन होना है। प्रतिमा स्थल पर ‘तिलकामांझी उद्यान’ के विकास का कार्य भी जारी है।
ये रहे मौके पर मौजूद :निरीक्षण और बैठक के दौरान प्रतिमा स्थापना समिति के अध्यक्ष सह सिंडिकेट सदस्य डॉ. शम्भू दयाल खेतान, सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, कोषाध्यक्ष डॉ. गौरी शंकर डोकनिया, रजिस्ट्रार डॉ. रामाशीष पूर्वे, प्रॉक्टर डॉ. अर्चना कुमारी साह, पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर, डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी, इंजीनियर संजय कुमार, अंजनी कुमार, डॉ. श्रीमंत मुखोपाध्याय, मो. शाहिद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
भव्य आयोजन की तैयारी, विश्वविद्यालय में दिखी प्रशासनिक सक्रियता :विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी जोरों पर है। सुरक्षा, व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तिथि की आधिकारिक घोषणा राष्ट्रपति सचिवालय से जल्द होने की संभावना है।
वीवीआईपी विजिट के मद्देनजर डीएम व एसएसपी ने स्थलों का किया मुआयना :भागलपुर में संभावित वीवीआईपी विजिट के मद्देनजर आज जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने भागलपुर हवाई अड्डा परिसर, तिलकामांझी चौक एवं टीएमबीयू के प्लेग्राउंड का मुआयना किया।



