शिवभक्ति की राह में हादसा: सावन की अंतिम सोमवारी से पहले डीजे गाड़ी नदी में पलटी, 5 कांवरियों की मौत
भागलपुर। सावन की अंतिम सोमवारी से ठीक एक दिन पहले यानी बीती देर रात भागलपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। लगभग 11:30 बजे एक डीजे और जनरेटर से लदी पिकअप गाड़ी, जिसमें कांवरियों का एक जत्था सवार था, बेलथ महतो स्थान के पास बरसाती नदी में पलट गई। इस दुर्घटना में पांच शिवभक्तों की मौत हो गई। सभी मृतक शाहकुंड प्रखंड के निवासी थे। भागलपुर में भीषण हादसे में पांच कांवरियों की मौत हो.गई। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि टेम्पो को ओवरटेक कर आगे बढ़ने के चक्कर में पिकअप वैन के चालक को
बिजली का तार नहीं दिखा। पिकअप वैन बिजली के तार के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी में करंट फैल गया। सवार यात्री फौरन 30 फिट नीचे पानी में कूद गए और गाड़ी भी इनके ऊपर गिर गए। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मालूम हो कि इसी दिन दो महिला डाक बम की मौत भी सामने आ चुकी है। जो भागलपुर स्थित गंगा तट से गंगा जल भरकर बासुकीनाथ जा रहे थे।
नाचते-गाते जा रहे थे कांवरिये :
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात 11 बजे के आसपास शाहकुंड प्रखंड के लगभग 12 युवक डीजे की धुन पर नाचते-गाते गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज जा रहे थे। इसके बाद वे बांका जिले के अमरपुर स्थित जैठोरनाथ धाम जल चढ़ाने जाते। सभी कांवरियों ने पारंपरिक वेश धारण किया हुआ था।
बारिश के कारण शाहकुंड-सुल्तानगंज मुख्य सड़क पर बरसाती नदी का पानी बह रहा था। रात का अंधेरा, तेज बारिश और डीजे के शोर के कारण पिकअप चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सड़क किनारे से फिसलते हुए नदी में जा गिरी।
चीखने तक का मौका नहीं मिला :
गाड़ी में सवार कई युवकों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। कुछ युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन 5 कांवरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मरने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
संतोष कुमार – पुरानी खेरही गांव
मनोज कुमार – पुरानी खेरही गांव
विक्रम कुमार – पुरानी खेरही गांव
अंकुश कुमार – कसवा खेरही गांव
मुन्ना कुमार – कसवा खेरही गांव
रातभर चला शव निकालने का अभियान :
घटना की जानकारी मिलते ही शाहकुंड थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की सहायता से देर रात तक नदी से गाड़ी निकालने और शवों की तलाश का काम चलता रहा। शवों को शाहकुंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
चालक लापता, गांव में शोक की लहर :
गाड़ी का चालक, जो मकंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है, घटना के बाद से लापता है। कुछ लोगों का कहना है कि वह डर के मारे भाग गया, तो कुछ का मानना है कि वह भी नदी में डूब गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जैसे ही शव शाहकुंड अस्पताल लाए गए, चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका गमगीन हो गया। पुलिस घटनास्थल पर अभी भी डटी हुई है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
सावन की श्रद्धा भरी सोमवारी से पहले घटी यह घटना न सिर्फ पांच परिवारों की खुशियों को उजाड़ गई, बल्कि पूरे इलाके में मातम का माहौल है। यह हादसा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है, खासकर ऐसे समय में जब कांवर यात्रा अपने चरम पर होती है।



