बिहार चुनाव : सीट बंटवारे को लेकर जेएमएम में नाराजगी, 12 सीटों पर तैयारी ,कहा-हमको कमजोर न समझे गठबंधन, कहा-हमको भी फॉर्म-1 और फॉर्म-2 भरना आता है, जरूरत पड़ी तो बिहार में भी इसे दोहराने की स्थिति में रहेंगे
गणादेश , रांची : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर दरार गहराती दिख रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने केवल दो सीटें दिए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि यदि उसे सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं, तो वह 12 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
शनिवार को रांची स्थित जेएमएम केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि महागठबंधन के घटक दल जेएमएम को कमजोर समझने की भूल न करें। उन्होंने कहा, “हमने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया है। झारखंड में 2019 के विधानसभा चुनाव में राजद को सात सीटें दीं, जिनमें से उसने चतरा सीट जीती। इसके बाद भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजद के उस एकमात्र विधायक को पूरे पाँच साल मंत्रिमंडल में स्थान दिया।”
उन्होंने कहा कि अब जब बिहार चुनाव का समय आया है, तो राजद जेएमएम को हल्के में लेने लगा है, जो बेहद निराशाजनक है। “हम गठबंधन के साथ हैं, लेकिन अपनी तैयारी भी पूरी कर चुके हैं। अगर सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं, तो हम स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरने को तैयार हैं,” भट्टाचार्य ने कहा।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह भी जोड़ा कि कई ऐसे विधानसभा क्षेत्र हैं जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बिना महागठबंधन की जीत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, “हमको भी फॉर्म-1 और फॉर्म-2 भरना आता है। जरूरत पड़ी तो बिहार में भी इसे दोहराने की स्थिति में रहेंगे।”
भट्टाचार्य ने कहा कि जेएमएम बिहार और झारखंड की राजनीतिक परिस्थिति को चुनौती के रूप में देख रहा है। “हमने 12 सीटों पर तैयारी पूरी कर ली है। जब हमने राजद को छह सीटें दी थीं, तो अब हमारी बारी है — हमें भी बारह सीटें मिलनी चाहिए। हमने उन्हें परोस कर दिया था, अब बारी है कि वे भी हमें उसी आदर से परोसें,” उन्होंने कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जेएमएम महागठबंधन में किसी तरह का भ्रम नहीं चाहता, लेकिन सम्मान और साझेदारी के साथ समझौता न होने पर पार्टी मजबूती से अपने बलबूते चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।



