उपायुक्त ने डोम्बारी बुरु में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर दी श्रद्धांजलि, उनके अमर बलिदान को किया याद

खूंटी: खूंटी का डोम्बारी बुरु, जो झारखंड के इतिहास में वीरता और बलिदान का प्रतीक है, आज शहादत दिवस के अवसर पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने डोम्बारी बुरु पहुंच भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को याद कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर उपायुक्त संग मुख्य रूप से उपस्थित पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।
उपायुक्त ने कहा कि डोम्बारी बुरु का ऐतिहासिक महत्व है, डोम्बारी बुरु वह स्थान है, जहां भगवान बिरसा मुंडा और उनके अनुयायियों ने ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ संघर्ष किया था। यह स्थल 1899-1900 के उलगुलान आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा। भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में स्थानीय जनजातीय समुदाय ने अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ आवाज उठाई। डोम्बारी बुरु की पहाड़ियों पर हुए संघर्ष में सैकड़ों आदिवासी वीर शहीद हुए। यह स्थल आज भी जनजातीय संस्कृति, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ हीं लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलने और समाज में एकता और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया।
शहादत दिवस पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को याद करते हुए उनकी अमर गाथा को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *