आमरेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर उपायुक्त ने बैठक
खूंटी: 11 जुलाई से 9 अगस्त तक आमरेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आम्रेश्वर धाम मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने श्रावणी मेला के दौरान संभावित भीड़, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, अस्थायी शेड, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग स्थल, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस की तैनाती जैसे सभी जरूरी बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
पिछले दिनों भारी बारिश के कारण खूँटी-तोरपा सड़क पर बने पूल के छतिग्रस्त हों जाने के मद्देनजर उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक रूट की व्यवस्था करने एवं वैकल्पिक रूट पर साइनेज बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। जिससे आमरेश्वर धाम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को समस्या न हो। इसके अलावे वैकल्पिक रूट को आवश्यकता अनुसार मरम्मत करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने साफ तौर पर कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिले, इसके लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से अमरेश्वर धाम का भौतिक निरीक्षण कर सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक, डीसीएलआर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (खूँटी एवं तोरपा), सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता (पेयजल, विद्युत, पथ निर्माण), संबंधित बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।



