सेवा सप्ताह शिविर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, लोगों की समस्याओं का समाधान

खूंटी: जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत मंगलवार, 25 नवंबर को विभिन्न प्रखंडों और नगर पंचायत क्षेत्रों में सेवा शिविर आयोजित किए गए। खूंटी, कर्रा, मुरहू, अड़की, तोरपा और रानियां प्रखंडों के कई पंचायतों में तथा नगर क्षेत्र के वार्ड 10, 11 और 12 में लगे शिविरों में लोगों को समयबद्ध सरकारी सेवाएँ प्रदान की गईं।
उपायुक्त आर. रॉनिटा ने मुरही पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और विभागीय स्टॉलों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सक्रिय रहकर आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, आपूर्ति, कृषि, मनरेगा, प्रमाण पत्र निर्माण आदि विभागों की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलेभर के शिविरों में जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि संबधी सेवाएँ और दाखिल-खारिज जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया गया। लाभुकों को सर्वजन पेंशन स्वीकृति, प्रमाण पत्र वितरण, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग का संगठित कार्ड, अबुआ आवास स्वीकृति पत्र, और गर्भवती महिलाओं के बीच पौष्टिक आहार सामग्री का वितरण किया गया।
लाभुकों ने कहा कि इस शिविर से उन्हें एक ही स्थान पर सभी सेवाएँ आसानी से मिलीं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हुई। उपायुक्त ने आमजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *