उपायुक्त ने सहयोग विलेज का किया निरीक्षण, बाल गृह की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
खूंटी: प्रखंड अंतर्गत डुगडुगीया स्थित सहयोग विलेज का गुरुवार को उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाल गृह में रह रहे बच्चों की देखभाल, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बाल गृह परिसर के विभिन्न कक्षों यथा रसोई घर, भंडार गृह, भोजनालय, बच्चों के लिए मनोरंजन कक्ष, स्पेशल केयर कक्ष आदि का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की। उन्होंने सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सामग्री का उचित भंडारण मानकों के अनुरूप किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्वच्छता, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए परिसर को साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल गृह में रह रहे बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने सहयोग विलेज में कार्यरत नर्स, रसोइया, गार्ड एवं अन्य कर्मियों से संवाद कर उनके कर्तव्यों के प्रति सजग एवं संवेदनशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाए।
इस दौरान उपायुक्त ने बाल गृह में रह रहे बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनसे बातचीत कर उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
मौके पर नियोजन पदाधिकारी-सह-सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



