जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षात्मक बैठक

खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में नीति आयोग, जिला योजना, विकास शाखा, विशेष केंद्रीय सहायता , जिला खनिज न्यास निधि एवं अन्य कार्य एजेंसियों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला अनाबद्ध निधि एवं पीएम-अभीम योजना के तहत स्वीकृत एवं क्रियान्वित योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत खूँटी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत कर्रा प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन एवं आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न सूचकांकों पर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से एएनसी पंजीकरण, लिंग अनुपात, संस्थागत प्रसव, कम वजन वाले शिशुओं की संख्या में कमी, तथा एमटीसी केंद्रों के प्रभावी संचालन पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत संचालित एवं लंबित योजनाओं जैसे पथ निर्माण कार्य, एम्बुलेंस की खरीदारी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीदारी की समीक्षा कर उनकी त्वरित पूर्णता हेतु निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारें ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

इस बैठक में सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *