उपायुक्त ने कृषि एवं संबद्ध विभागों तथा जेएसएलपीएस की संयुक्त समीक्षा बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जे०एस०एल०पी०एस०) की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर उनका प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कृषि, आत्मा, उद्यान, भूमि संरक्षण, सहकारिता, मत्स्य, गव्य विकास, पशुपालन एवं जे०एस०एल०पी०एस० विभाग की योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने एफपीओ एवं ग्राम संगठनों को सक्रिय करने का निर्देश दिया। साथ हीं सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को लेयर हेन्स (अंडा उत्पादन हेतु मुर्गी पालन) योजना के अंतर्गत फीड एवं शेड की व्यवस्था जे०एस०एल०पी०एस० तथा सहकारिता विभाग के समन्वय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने पूर्व में अवैध अफीम की खेती वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को ऐसे गांवों में बैठक एवं कार्यशालाओं का आयोजन कर किसानों को अनानास, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, सूरजमुखी, हल्दी, अदरक सहित अन्य लाभकारी वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में कृषि, आत्मा, उद्यान, भूमि संरक्षण, सहकारिता, मत्स्य, गव्य विकास, पशुपालन विभाग एवं जे०एस०एल०पी०एस० के पदाधिकारी उपस्थित थे।


