खूंटी में सड़क दुर्घटनाओं के रोकथाम को लेकर उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने परिवहन विभाग को ईमेल के माध्यम से भेजा सुझाव

गणादेश,खूंटी : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रहे हादसों से कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है। अब समय आ गया है कि परिवहन विभाग इस पर गंभीरता से कदम उठाए और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस पहल करे।

उप प्रमुख साबू ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग हों। उन्होंने बताया कि इस दिशा में उन्होंने परिवहन विभाग के डीटीओ (DTO), आरटीओ (RTO), परिवहन सचिव, सड़क सुरक्षा विभाग, भारत सरकार, जिला अधिकारी और झारखंड के मुख्य सचिव सहित कई संबंधित अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से सुझाव भेजे हैं, ताकि दुर्घटनाओं की संख्या को कम किया जा सके।

साबू ने यह भी कहा कि बसों को जारी किए जाने वाले परमिट और उनकी समय-सारणी में लापरवाही और जल्दबाजी ही हादसों का प्रमुख कारण बन रही है। उन्होंने परिवहन विभाग से आग्रह किया कि परमिट और टाइमटेबल तय करने के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे खतरनाक तरीके से चलने वाली बसों और अव्यवस्थित परमिट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएं।

उप प्रमुख ने कहा कि यदि प्रशासन, परिवहन विभाग और जनता मिलकर समन्वय बनाएं, तो सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है और अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *