खूंटी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन — जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा की पुनर्नियुक्ति पर फूटा विरोध

गणादेश,खूंटी: जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में रवि मिश्रा की दोबारा नियुक्ति के बाद खूंटी में बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध खुलकर सामने आया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के खूंटी आगमन के दौरान नाराज़ कार्यकर्ताओं ने उनके वाहन को रोककर जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और आब्जर्वर ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। उन्होंने कहा कि “जब पहले से तय था कि रवि मिश्रा को ही दोबारा अध्यक्ष बनाना है, तो फिर प्रखंडों और पंचायतों में बैठकों का ढोंग क्यों किया गया?” प्रदर्शनकारियों ने इस चयन को “लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अवहेलना” बताया।

विरोध जताने वालों में युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण संगा, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव कैसर खान, जिला उपाध्यक्ष सुशील संगा और पौलूस बहा मुंडा शामिल थे। इन नेताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व को कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देनी चाहिए थी, न कि एकतरफा निर्णय लेना चाहिए था।

वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है, और परिवार में मतभेद होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी का एक समर्पित सिपाही हूं और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा हूं। पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, वह मेरे लिए सम्मान की बात है।”

उन्होंने आगे कहा कि खूंटी में कांग्रेस संगठन दिन-ब-दिन मजबूत हो रहा है, जिससे विपक्षी दलों में बेचैनी है। मिश्रा ने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता जल्द ही एकजुट होकर आने वाले चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *