मांडर में स्कूल छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी ने थाने में किया सरेंडर
रांची : थाना क्षेत्र के मांडर मिशन के समीप सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते कक्षा आठवीं के एक छात्र पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, मांडर के छात्र प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलती गांव निवासी सुमित उरांव (22 वर्ष), पिता बुधवा उरांव, स्कूल की छुट्टी होने से पहले ही मुख्य द्वार के बाहर प्रवीण के इंतजार में खड़ा था। छुट्टी के बाद जैसे ही प्रवीण स्कूल से बाहर निकला, आरोपी ने उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जाता है कि पहला वार गले के पास कंधे पर किया गया, इसके बाद पेट और पीठ पर भी चाकू से वार किया गया। हमले में प्रवीण गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल छात्र को तत्काल कांस्टेंट लेवल्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और घायल छात्र पड़ोसी हैं तथा दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। पुलिस इसी रंजिश को घटना का संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित उरांव स्वयं मांडर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


