राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का अवलोकन,डीसी ने ने मोरहाबादी मैदान में चल रही तैयारियों का अवलोकन

रांची : आगामी 15 एवं 16 नवम्बर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवर को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मैदान परिसर में चल रहे विभिन्न कार्यों का अवलोकन करते हुए आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, स्वागत एवं बैठने की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड की गौरवमयी परंपरा और एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर पूरे उत्साह और सम्मान के साथ कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समन्वयपूर्वक कार्य कर भव्य, व्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, पीडी आइटीडीए संजय भगत, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की तैयारी में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी स्थल पर उपस्थित रहकर विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी उपायुक्त को दी। उपायुक्त ने सभी को राज्य सरकार की भावना के अनुरूप सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *