दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को आयोजित कांग्रेस का वोट छोड़ गद्दी छोड़ रैली ,झारखंड से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता जाएंगे दिल्ली : केशव महतो कमलेश
गणादेश,रांची : कांग्रेस ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे के साथ 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि झारखंड से पाँच हजार से अधिक कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं की अंतिम सूची तैयार करने और रैली के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया है।
कमलेश ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में “मतों की चोरी” कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। चुनाव आयोग सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और चुनावी प्रक्रिया की मर्यादा गहरी आहत हुई है। ऐसे हालात में लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की आवाज बुलंद करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि पिछली गठबंधन सरकार द्वारा शुरू किया गया “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम पूरे देश में आदर्श मॉडल के रूप में सराहा गया था। लोक सेवा अधिनियम 2011, जो झारखंड समेत तीन राज्यों में एक साथ लागू हुआ था, जनता को तय समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने की गारंटी देता है। इसी अधिनियम के तहत राज्य सरकार 21 से 28 नवंबर तक सेवा का अधिकार सप्ताह मना रही है। कमलेश ने सभी वार्ड एवं मंडल अध्यक्षों से इस सप्ताह में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु पहल करने को कहा।
विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस की लड़ाई लगातार जारी है। भाजपा कभी मतदाता सूची से नाम गायब कराकर, तो कभी विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सत्ता हथियाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की रैली यह साफ करेगी कि देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही संचालित होगा।
यादव ने जानकारी दी कि सेवा का अधिकार अधिनियम में 73 नियमों के तहत 363 सेवाएं शामिल हैं, जिन्हें समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचाना अनिवार्य है। इसके लिए सरकार पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविरों के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंच रही है। उन्होंने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ लेने की अपील की।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, केदार पासवान और राजन वर्मा मौजूद थे।



