कांग्रेस को अब न्यायालय पर भी भरोसा नहीं, इसलिए कर रहे हैं सत्याग्रह: अविनेश कुमार

रांची: कांग्रेस द्वारा किए गये सत्याग्रह पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार ने सवाल खड़े करते हुए कहा है कि कांग्रेस अंतिम साँस ले रही है। इन्हें अब न तो संविधान पर और न ही न्यायालय पर भरोसा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मिली सजा के खिलाफ आज पूरे देश में कांग्रेस के लोग “मौन सत्याग्रह” कर रहे हैं। दरसअल यह सत्याग्रह न्यायालय के विरुद्ध है। भारत की न्यायिक व्यवस्था का मखौल उड़ाने वाला है। न्यायमूर्तियों के विवेक पर प्रश्नचिन्ह लगाने वाला है। यह धरना नहीं नौटंकी है इसकी जितनी भी भर्त्सना की जाये वह कम है।
श्री कुमार ने कहा कि कांग्रेस न्यायालय का निर्णय सिर्फ़ अपने पक्ष में चाहती है। वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए कांग्रेस न्यायालय के निर्णयों को बदलती रही है। न्यायालय की अवमानना करना कांग्रेस के डीएनए में है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी स्वयं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर फँसे हैं। राहुल गांधी अपने भाषण में क्या बोलते हैं क्या नहीं यह उन्हें भी पता नहीं। वे बार बार अपने भाषण में अमर्यादित भाषा का उपयोग करते रहे हैं जो कि बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में सरकार ने माननीय न्यायालय के कई फ़ैसलों को पलटने का कार्य किया था। न्यायालय के फ़ैसलों को सिरे से ख़ारिज करने की कई प्रसंग कांग्रेस शासन काल में उजागर हुए है। कांग्रेस को अपना शासन काल याद करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *