कांग्रेस ने मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम का किया शुभारंभ, प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर प्रवक्ताओं के चयन की प्रक्रिया होगी शुरू

गणादेश,रांची: कांग्रेस पार्टी ने देशभर में नए और प्रभावी प्रवक्ताओं की खोज के लिए नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम की शुरुआत की है। झारखंड में भी यह प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। रविवार को संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि एआईसीसी के इस अभिनव कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे युवाओं और प्रतिभाशाली लोगों को मंच देना है, जिनमें कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा के साथ वैचारिक प्रतिबद्धता, राजनीतिक समझ, संचार कौशल और मीडिया में प्रभावी उपस्थिति की क्षमता हो।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए झारखंड को सात जोनों में विभाजित किया गया है। जिसमें पलामू,कोल्हान,देवघर–दुमका–जामताड़ा,साहेबगंज–गोड्डा–पाकुड़,रामगढ़–चतरा–कोडरमा–हजारीबाग,बोकारो–धनबाद–गिरिडीह,दक्षिणी छोटानागपुर है।
कमलेश ने कहा कि प्रदेश एवं क्षेत्रीय स्तर पर उन्हीं अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा जिनमें त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, स्पष्ट सोच, स्वच्छ भाषा, इतिहास और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों की समझ के साथ जनता तक अपनी बात रखने की दक्षता हो। यह पूरी प्रक्रिया संगठन सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित की जाएगी।
पूर्वी भारत (ओडिशा, बिहार, झारखंड और बंगाल) के प्रभारी एवं एआईसीसी प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाओं को तलाशना है जो संविधान, प्रस्तावना, देश की संस्कृति और राजनीति की गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग अपने विचार देश के साथ साझा करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मंच नहीं मिलता। यह टैलेंट हंट उन्हें संगठन से सीधे जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एनजीओ, सिविल सोसाइटी और मीडिया विशेषज्ञ भी इसमें शामिल होंगे।
लोंढे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह सरकारी मशीनरी का उपयोग कर मीडिया और विशेषकर सोशल मीडिया को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है, जिससे लोकतंत्र की पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन दल आज लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं, जबकि भाजपा गैर-वैधानिक तरीकों से चुनाव जीतने का प्रयास करती है।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, कमल ठाकुर और गजेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *