TRENDING NOW

झारखंड में युवती पर पेट्रोल फेंकने की घटना, मुख्यमंत्री ने दिए कड़े निर्देश

रांची: कांके थाना क्षेत्र स्थित टेंडर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने युवती के घर में घुसकर उस पर पेट्रोल फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को आनन-फानन में इलाज के लिए कश्यप आई अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पीड़िता की आंखों और चेहरे पर गंभीर जलन के निशान हैं। डॉक्टर भारती कश्यप ने कहा कि युवती के आंखों में अधिक समस्या नहीं आई है। डॉक्टर ने कहा कि यदि एसिड रहता तो युवती की आंखों को नुकसान पहुंच सकता था। लेकिन पेट्रोल होने के कारण आंख सुरक्षित है।
वहीं इस जघन्य घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया और रांची पुलिस को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं राज्य की कानून व्यवस्था पर सीधा सवाल उठाती हैं और किसी भी सूरत में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने पीड़िता के समुचित इलाज और सुरक्षा की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही पीड़िता को परेशान करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। एसएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो जल्द ही आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।

यह घटना राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। विपक्षी दलों ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाया जाए।
राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि न्याय होगा और आरोपी को सख्त सजा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *