TRENDING NOW

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने की विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी बैठक, गणना प्रपत्र के वितरण व संग्रह कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश

पटना।बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  विनोद सिंह गुंजियाल की अध्यक्षता में सोमवार को ज्ञान भवन में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम,नगर आयुक्त, अनिमेष कुमार पराशर; अपर नगर आयुक्त,दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब व फुलवारी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), बीएलओ सुपरवाईजर, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, लगभग 500 की संख्या में सफ़ाई निरीक्षक, सफ़ाई पर्यवेक्षक, वार्ड्स के नोडल ऑफिसर, सिटी मैनेजर व अन्य भी उपस्थित थे। समीक्षात्मक

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आज की यह अहम बैठक निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बारे में आप सबको सेंसिटाईज करने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आपकी पहुँच घर-घर तक है। इसी के बदौलत आप लोगों ने पूरे शहर को साफ़-सुथरा रखा है। आप सभी अपनी इस कुशलता का प्रयोग अब निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में करें। उन्होंने कहा कि यह एक अति महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध अभियान है। आप सभी जानते हैं कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों के अनुसार सभी बीएलओ द्वारा निर्वाचकों के बीच गणना फॉर्म (ईएफ) का वितरण किया जा रहा है तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्वाचकों से इसे संग्रह भी किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता है। शहरी क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूर्ण कर ली जानी है। 01 अगस्त, 2025 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा। जिन मतदाताओं द्वारा 26 जुलाई तक फॉर्म जमा नहीं किया जाएगा उनका नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत निर्वाचकों के बीच गणना फॉर्म का वितरण तथा उनसे इसे संग्रह करना सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुनिश्चित कराएँ।

जिलाधिकारी ने कहा कि पटना नगर निगम एक बहुत बड़ा एवं प्रभावी निकाय है। निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में आप सभी को अहम भूमिका निभाना है। पटना नगर निगम क्षेत्र में चार विधान सभा क्षेत्रों यथा दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार एवं पटना साहिब में लगभग 1,550 बूथ (मतदान केन्द्र) अवस्थित है। इन चार विधान सभा क्षेत्रों में करीब 18 लाख मतदाता हैं। शहरी क्षेत्रों में सहायता हेतु पटना नगर निगम के 375 सफ़ाई पर्यवेक्षकों तथा 75 सफ़ाई निरीक्षकों, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के सदस्यों को फैसिलिटेटर के तौर पर लगाया गया है। एनयूएलएम में पटना नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 20 कॉम्युनिटी रिसोर्स पर्सन तथा 796 स्वयं सहायता समूहों में 7,960 सदस्य हैं। पटना नगर निगम क्षेत्र के 04 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1,550 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की सहायता हेतु एनयूएलएम के 1,550 कर्मी तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पटना नगर निगम के 375 सफाई पर्यवेक्षक तथा 75 सफाई निरीक्षक शहरी क्षेत्र में अभियान के रीढ़ हैं। पटना नगर निगम के सभी छह नगर निकायों में नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तत्परतापूर्वक करने का निदेश दिया गया है।

डीएम ने कहा कि 75 वार्ड के सफ़ाई निरीक्षक संबंधित बीएलओ सुपरवाईजर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाएंगे। पदाधिकारियों को अभियान में सभी स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त, पटना नगर निगम श्री अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि नगर निगम का सम्पूर्ण तंत्र आयोग के निदेशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तत्परतापूर्वक लगा हुआ है। पदाधिकारीगण आपस में समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाएंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा अधिकारियों को गणना फॉर्म (ईएफ) के वितरण एवं निर्वाचकों से इसे संग्रह करने की प्रक्रिया में तेजी लाने सहित भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। प्रत्येक मतदाता से अपील की गई कि वे गणना प्रपत्र को यथाशीघ्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। ECI द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 में किसी भी निर्वाचक के लिए ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) भरने एवं दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा voters.eci.gov.in एवं ECINet App पर भी उपलब्ध करायी गयी है। घर बैठे आसानी से यह कार्य किया जा सकता है।

कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन टॉलफ्री नम्बर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *