सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत जिलेभर में लगे शिविर

खूंटी : राज्य सरकार के निर्देश पर 21 से 28 नवम्बर तक जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह’’ मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सूचीबद्ध सेवाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल रूप में आमजन तक पहुँचाना है। इसी क्रम में रविवार, 23 नवम्बर को सभी प्रखंडों एवं नगर पंचायत क्षेत्र में शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लाभुक पहुँचे और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया। शिविरों में प्रखंड व अंचल अधिकारियों के साथ स्थानीय जन प्रतिनिधियों और वरीय पदाधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी रही।
खूँटी, कर्रा, मुरहू, अड़की एवं तोरपा प्रखंड के कई पंचायतों में शिविर लगे, जबकि नगर पंचायत क्षेत्र के गांधी चौक दतिया, महुवा टोली और हुटुबदाग में भी शिविर आयोजित हुए। शिविरों में सर्वजन पेंशन, जाति–आवासीय–आय प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग का संगठित कार्ड, राशन सामग्री, स्कूल छात्रों को साइकिल, गर्भवती महिलाओं को पोषण सामग्री समेत कई सेवाएँ ऑन-द-स्पॉट उपलब्ध कराई गईं।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, दाखिल–खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन आदि से जुड़े कई आवेदनों का त्वरित समाधान स्थल पर ही किया गया। उपायुक्तआर. रॉनिटा के निर्देश पर वरीय अधिकारियों ने शिविरों में पहुँचकर सेवा वितरण की गुणवत्ता की समीक्षा की। लाभुकों ने शिविरों को अत्यंत लाभदायक बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *