राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम ने लहराया परचम

बोकारो – राष्ट्रीय मानव संसाधन विकास नेटवर्क एनएचआरडीएन द्वारा नई दिल्ली में आयोजित ‘इनक्विजिशन क्विज-2026’ के प्रथम संस्करण में बोकारो इस्पात संयंत्र की टीम ने अपनी बौद्धिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए द्वितीय उप-विजेता का स्थान प्राप्त किया है।इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बीएसएल का प्रतिनिधित्व सहायक महाप्रबंधक (गैस यूटिलिटी) एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा और सहायक महाप्रबंधक (अधिशासी निदेशक-संकार्य सचिवालय) आनंद राज ने किया।यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता अत्यंत चुनौतीपूर्ण और बहु-चरणीय थी, जिसकी शुरुआत अखिल भारतीय स्तर पर ऑनलाइन प्रिलिम्स से हुई।इसमें देश भर के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों की 160 से अधिक टीमों ने भाग लिया था।प्रिलिम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर देशभर से शीर्ष 24 टीमों का चयन जोनल फाइनल के लिए किया गया, जिन्हें चार क्षेत्रों (जोन्स) में विभाजित किया गया था।उत्तर क्षेत्र से प्रतिभाग करते हुए बीएसएल की टीम ने शीर्ष दो में स्थान बनाकर नई दिल्ली में 14 मार्च 2026 को आयोजित नेशनल ग्रैंड फिनाले के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया।नई दिल्ली में आयोजित ग्रैंड फिनाले में प्रत्येक जोन की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों सहित कुल 8 दिग्गज टीमों ने हिस्सा लिया. पाँच अत्यंत कड़े और रोमांचक राउंड्स के पश्चात एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा और आनंद राज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय उप-विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में टीसीएस विजेता तथा ईएंडवाई उप-विजेता रही. अन्य फाइनलिस्ट टीमों में भारतीय रिजर्व बैंक सेल-एमटीआई, एलएंडटी आईओसीएल और एचपीसीएल जैसी बड़ी संस्थाएं शामिल थीं।
बोकारो इस्पात संयंत्र की इस उल्लेखनीय सफलता ने राष्ट्रीय स्तर पर सेल की बौद्धिक क्षमता और पेशेवर उत्कृष्टता की छवि को और अधिक सुदृढ़ किया है। इस प्रकार की उपलब्धियाँ न केवल कार्मिकों के मनोबल में वृद्धि करती हैं, बल्कि संयंत्र के भीतर निरंतर ज्ञानार्जन और सीखने की संस्कृति को भी बढ़ावा देती हैं। यह सफलता कार्यकुशलता और नवाचार के प्रति बीएसएल की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है, जो अंतत संयंत्र की उत्पादकता और प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों पर ले जाने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *