14 महीने का वनवास काटकर भाजपा के रघुबर अपने घर लौटे, गर्मजोशी के साथ हुआ स्वागत
गणादेश,रांची: प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज यानी शुक्रवार को पूर्व सीएम रघुबर दास की भाजपा में बड़े तामझाम के साथ वापसी हो गई। इसके साथ ही भाजपा कार्यालय में होली और दीपावली एक साथ मनाई गई। जमकर आतिशबाजी हुई और मिठाइयां बांटी गई। मानों की भाजपा को इसकी खोई हुई ताकत मिल गई हो, क्यों नहीं, 14महीने के वनवास काट कर उसके रघुबर अपने घर लौटे हैं।उनके घर लौटने की खुशी में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे उत्साह में दिखे।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन कर रघुबर दास को पार्टी में शामिल कराया गया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रघुबर दास को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका पार्टी में स्वागत किया। उसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी,विधायक और कार्यकर्ताओं ने फूल माला के साथ स्वागत किया।
स्वागत के बाद पूर्व सीएम रघुबर दास ने कहा कि कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और वीरों की पावन भूमि, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई द्वारा बनाए झारखंड राज्य की भूमि पर अपनी पुरानी भूमिका में लौटकर ऐसा लग रहा है कि जैसे मां के आंचल तले वापस आया हूं। राज्यपाल होना गरिमा की बात होती है लेकिन संगठन का दास होना गर्व की बात होती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं को फिट और फाइटर बनाना है। इसके साथ ही कहा वी विल कम बैक यह झारखंड की जनता से वादा है।
उन्होंने कहा कि सत्ता हमारे लिए साधन है, जनता की सेवा करने का। सत्ता मेवा का साधन नहीं है। देश के लोगों ने भाजपा का शासन देखा है। इसी कारण लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए की सरकार आई है। आज देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने जो जनादेश दिया है, मैं उसका सम्मान करता हूं। झारखंड की जनता ने गठबंधन की सरकार को राज करने का बहुमत दिया है। इंडी गठबंधन ने चुनाव में जो वादे किए थे, उसी के आधार पर उन्हें जनादेश मिला है। इसका हम सम्मान करते हैं। वही जनता ने विपक्ष को भी मजबूती के साथ सरकार पर दबाव बनाने का जनादेश दिया है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार से अपील किया कि वह अपने वादे पूरे करें। हम कुछ महीने इंतजार करेंगे कि गठबंधन सरकार जनता से किए अपने वादों को पूरा करें। अन्यथा भाजपा जनहित के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक सरकार को वादे पूरा करने के लिए मजबूर करेंगे।
अंत मे उन्होंने 4 पंक्तियों से कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि
जिस पल की मुझे महीनों से थी आस
आज उसे आपकी उपस्थिति बनाती है खास
खत्म करके अपनी जिम्मेवारी का प्रवास
घर आया है आपका अपना झारखंड का दास।

