नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण खत्म करने के विरोध में भाजपा ने राजभवन के समक्ष दिया धरना
रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भाजपा अब आक्रामक मूड में आ गई है। राज्य सरकार को घेरने के लिए कोई भी मुद्दा को भुनाने से चूकना नहीं चाहती है। नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ जंग छेड़ दिया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के तमाम नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर आ गए हैं। गुरुवार को राजभवन के समक्ष प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के नेतृत्व में भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर हेमंत सोरेन सरकार के कहा नारेबाजी की। साथ ही नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण दिए जाने की मांग की।
धरना पर बैठे राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार जनता को गुमराह कर रही है। ट्रिपल टेस्ट बगैर राज्य सरकार ने पंचायत चुनाव करा लिया और अब नगर निकाय चुनाव भी बगैर ओबीसी आरक्षण कराने जा रही है। पिछड़ा समाज को छलने का काम कर रही है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि यह सरकार पिछड़े समाज को धोखा देने का काम कर रही है। नगर निकाय चुनाव में ओबीसी समाज को आरक्षण को खत्म कर दिया है। भाजपा यह बर्दाश्त नहीं करेगी। पूरे झारखंड में जन आंदोलन करने का काम हम लोग करेंगे। धरना में संजय जायसवाल,प्रतुल शहदेव,दीपक सोनी सहित कई भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।

