भाजपा विधायक दल की बैठक, बजट सत्र में सरकार को घेरने की बनी रणनीति
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी ने की। इस दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी विधानसभा बजट सत्र में सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक के बाद विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के आहूत होने के समय अधिकतर जनप्रतिनिधि नगर निकाय चुनाव में व्यस्त थे और इसके बाद होली पर्व के कारण भी व्यस्तता रही। इसलिए आज सभी विधायकों की बैठक कर राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार के सवा वर्ष के कार्यकाल में राज्य की स्थिति चिंताजनक हो गई है। बैठक में विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और नौकरशाही हावी हो गई है। जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
बैठक में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट, बिजली समस्या, किसानों से धान खरीद में देरी, बालू की किल्लत, कोयले की लूट और बिना पैसे सरकारी काम नहीं होने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही युवाओं के भविष्य, जेटेट परीक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की गई। भाजपा विधायकों ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
विधायकों ने स्पष्ट किया कि कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और जनता की आवाज सदन में बुलंद की जाएगी। प्रेस वार्ता में बगोदर विधायक नगेन्द्र महतो और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक भी मौजूद थे।



