परिसीमन मुद्दे पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, अमर बाउरी ने राहुल गांधी से मांगी माफी
रांची : झारखंड में परिसीमन के मुद्दे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम और झूठ फैला रही है। उन्होंने वर्ष 2008 में तत्कालीन यूपीए सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधन का हवाला देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी से आदिवासी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अमर बाउरी ने कहा कि 2008 में जनसंख्या के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने रखा था। इससे झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 होने की स्थिति बन रही थी। उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा ने जनजातीय समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए संविधान के 84वें संशोधन में सरकार का समर्थन किया था।
बाउरी ने कहा कि आज कांग्रेस आदिवासी सीटों के घटने को लेकर झारखंड में भ्रम फैला रही है, जबकि अभी परिसीमन आयोग का गठन तक नहीं हुआ है और न ही केंद्र सरकार की ओर से कोई प्रस्ताव सामने आया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्पष्ट कर चुके हैं कि परिसीमन में सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। लोकसभा के साथ विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने की भी बात कही गयी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा आदिवासी समाज के हित और सम्मान के लिए खड़ी रही है। झारखंड गठन का उल्लेख करते हुए बाउरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने 15 नवंबर 2000 को अलग राज्य का गठन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने जैसे फैसले भाजपा की आदिवासी हितैषी नीति को दर्शाते हैं।



