ओल्ड एज होम में जागरूकता शिविर का आयोजन

खूंटी: नालसा दिल्ली और झालसा रांची के निर्देशानुसार शनिवार को खूंटी स्थित ओल्ड एज होम में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार ने की। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनकी जरूरतों की पूर्ति करना था।
इस अवसर पर बताया गया कि बुजुर्गों के हित में कई योजनाएँ संचालित हैं। इसी क्रम में झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष के द्वारा रांची के लटमा रोड स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में मदर टेरेसा क्लिनिक का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें राज्य के अन्य 23 जिले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
खूंटी के सहयोग विलेज, पिपरा टोली वृद्धाश्रम में रह रहे 33 महिला और पुरुष वरिष्ठ जनों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें विशेष रूप से आंखों की जांच शामिल थी। ठंड को देखते हुए बुजुर्गों के बीच कंबल, गरम मोजे, सॉल, टोपी, चप्पल, महिलाओं के लिए नाइटी और गरम लेगिंग्स का वितरण किया गया। साथ ही मिठाई और फल भी बांटे गए।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. मांझी, डीएसडब्ल्यू प्रभारी प्रतिभा कुजूर, एडीएसएस आनंद कुमार, सहयोग विलेज एनजीओ के जसविंदर सिंह, सुपरिंटेंडेंट सुरेश कुमार और डालसा पीएलवी नेली कोनगाड़ी सहित ओल्ड एज होम के सभी बुजुर्ग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *