खान-पान में कम नमक, चीनी और तेल का उपयोग करने हेतु लोगों को प्रेरित करें आंगनबाड़ी कर्मी :उपायुक्त
गणादेश,खूंटी : समाज कल्याण शाखा, खूंटी द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अवसर पर नगर भवन में जिला स्तरीय समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त आर. राॅनिटा, उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त आर. राॅनिटा ने कहा कि पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के बीच पोषण संबंधी जानकारी का प्रसार कर सराहनीय कार्य किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, अतः अभिभावकों को उनके सही पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों से आग्रह किया कि पोषण जागरूकता को एक सतत अभियान के रूप में लेकर महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी बच्चों और माताओं के पोषण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें अपने खान-पान में कम नमक, कम चीनी और कम तेल का उपयोग कर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने माताओं से कहा कि मां का दूध बच्चों के लिए अमृत तुल्य होता है, अतः शिशु के प्रारंभिक छह माह तक केवल स्तनपान कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरी सब्जियां, फल और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने से हम अनेक बीमारियों से बच सकते हैं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने पोषण माह की थीम “हमारा संकल्प – कुपोषण मुक्त झारखंड” पर विस्तार से प्रकाश डाला। मौके पर पौष्टिक आहार से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जिनका उपायुक्त ने अवलोकन कर कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, आंगनबाड़ी सेविकाएं-सहायिकाएं एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।



