झारखंड कैडर की आईएएस ज्योत्सना वर्मा के बाद पूजा सिंघल भी होंगी बर्खास्त !

…गणादेश स्पेशल…

गणादेश ब्यूरो
रांचीः खदान प्रकरण, मनरेगा में घोटाला और संपत्ति का विवरण नहीं देने के संगीन आरोपों के आधार पर आईएएस पूजा सिंघल को बर्खास्त किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार इस मामले को केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने भी गंभीरता से लिया है। इसकी वजह बताई जा रही है कि केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को पूजा सिंघल ने जो संपत्ति का ब्योरा सौंपा है वह आधा अधूरा ही है। जब ईडी की रेड के बाद उनकी अकूत संपत्ति का भी पता चला है। उन्होंने इस साल जो संपत्ति का विवरण दिया है, उसके अनुसार उन्होंने राजारहाट, कोलकाता में 30 लाख रुपये का एक घर, रांची के कांके में 7800 वर्ग फुट का भूखंड, जो उन्हें 88000 रुपये में मिला, रांची में 1.10 करोड़ रुपये का 4,500 वर्ग फुट का वाणिज्यिक स्थान और रांची में 80 लाख रुपये के दूसरे घर का जिक्र किया है। इसके मुताबिक उनके पास लगभग 2.20 करोड़ रुपये की संपत्ति है। जबकि ईडी को पूजा सिंघल के अकूत संपत्ति के दस्तावेज हाथ लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार पूजा सिंघल के विभिन्न ठिकानों से मिले दस्तावेज उनके वार्षिक रिटर्न से मेल नहीं खाते। अबतक ईडी की जांच में यह पाया गया है कि कई संपत्तियां उनके करीबी सहयोगियों के नाम पर हैं। इन व्यावसायिक उपक्रमों में सबसे प्रमुख पल्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है। इसका संचालन उनके पति अभिषेक झा करते हैं। इसके निदेशकों में अमिता झा, सिद्धार्थ सिंघल, दीप्ति बनर्जी और इशिता पुरवार शामिल हैं। इस अस्पताल पर एचडीएफसी बैंक का लगभग 26 करोड़ रुपये और यस बैंक का लगभग पांच करोड़ रुपये का ऋण बताया जाता है।

क्या कहता है नियम..
केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 के नियम 18 के तहत प्रत्येक अखिल भारतीय केंद्रीय सेवा अधिकारी को सालाना संपत्ति की घोषणा करनी होती है। इसमें उसके स्वामित्व या अधिग्रहण या पट्टे या गिरवी पर उसके द्वारा अपने स्वामित्व में नाम या उनके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर शेयर, डिबेंचर और नकद के अलावा विरासत में मिली या उसके द्वारा स्वामित्व वाली बैंक जमा राशि शामिल है। इसमें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लिए गए ऋण और अन्य देनदारियों का भी ब्योरा देने का प्रावधान है। पूजा सिंघल ने सबकी अनदेखी की। इसलिए ज्योत्स्ना वर्मा की तरह पूजा सिंघल भी सेवा से बर्खास्त हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *