1.7 किलोग्राम अवैध गाढ़ा अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
रांची : तुपुदाना ओपी पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.7 किलोग्राम अवैध गाढ़ा अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह सफलता पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर मिली।
जानकारी के अनुसार 06 सितंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डुंडीगढ़ा बाजार क्षेत्र में अफीम की खरीद-बिक्री होने वाली है। इस पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में तुपुदाना ओपी प्रभारी दुलाल कुमार महतो और सशस्त्र बल के साथ छापेमारी दल मौके पर पहुँचा। इसी दौरान एक युवक गुलाबी फूल छाप झोला लिए संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरज केरकेट्टा (उम्र 27 वर्ष, पिता- मुचीराय केरकेट्टा, सा० कुरकुटिया, थाना/जिला-खूँटी) बताया। तलाशी लेने पर उसके झोले से प्लास्टिक में बंधा 1.7 किलोग्राम अवैध गाढ़ा अफीम बरामद किया गया। पुलिस ने अफीम को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, पु०अ०नि० दुलाल कुमार महतो, पु०अ०नि० राकेश कुमार, आ0 जामिन सिंह मुंडा, आ0 जॉन कंडुलना, आ0 साकेत शाश्वत एवं ल.च.आ. मनकु यादव शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।



