मुरहू प्रखण्ड परिसर स्थित BSNL भवन में लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना
खूंटी: मुरहू प्रखण्ड परिसर में स्थित BSNL भवन में शनिवार की शाम लगभग 6:30 बजे अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या सूखे पत्तों के कारण लगी होगी। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रखण्ड के अधिकारियों ने उप प्रमुख श्री अरुण साबू को अवगत कराया।
सूचना प्राप्त होते ही उप प्रमुख ने तत्काल फायर ब्रिगेड को फोन कर सूचना दी तथा मुरहू बिजली सब-स्टेशन को सूचित कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही मुरहू थाना प्रभारी श्री गॉडविन अपने जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और सतर्कता व बहादुरी का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से करोड़ों रुपये मूल्य के मशीनों को जलने से बचा लिया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
इस दौरान उप प्रमुख अरुण साबू के साथ महेश कुमार , अरुण कुमार साव ,सतीश कुमार साव, रितेश कुमार गुप्ता, बंटी, शशि कुमार गुप्ता सहित प्रखण्ड के अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया।
आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद उप प्रमुख ने थाना प्रभारी एवं उनके जवानों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से एक बड़ी घटना टल गई तथा सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान से बचा लिया गया।
उप प्रमुख ने बताया कि BSNL का यह भवन कई वर्षों से जर्जर एवं कंडम घोषित है, फिर भी विभाग द्वारा नया भवन निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि भवन की ढलाई कभी भी गिर सकती है, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में उन्होंने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि संबंधित विभाग को पत्र लिखकर जर्जर भवन को खाली कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि मुरहू में BSNL का कोई स्थायी अधिकारी नहीं रहता है और केवल एक टेक्नीशियन के भरोसे कार्यालय कभी-कभार खुलता है। टेक्नीशियन के अनुसार भवन के अंदर करोड़ों रुपये मूल्य के उपकरण रखे हुए हैं।



