तैलीक साहू सभा का एक प्रतिनिधिमंडल बीजेपी विधायक पूर्णिमा साहू से मिला,समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दे पर हुई चर्चा
रांची : तेली समाज के सामाजिक-आर्थिक उत्थान को लेकर झारखंड तैलीक साहू सभा का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर पहुंचकर स्थानीय विधायक पूर्णिमा साहू से मिला। इस शिष्टाचार भेंट में सभा के प्रधान महासचिव मदन कुमार, वरीय उपाध्यक्ष मूलचंद साहू तथा युवा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार साहू प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के समक्ष तेली समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को रखते हुए विशेष रूप से तेल घानी बोर्ड के गठन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड में तेली समाज की बड़ी आबादी पारंपरिक तेल घानी और तेल व्यवसाय से जुड़ी हुई है, लेकिन सरकारी स्तर पर समुचित संरचना और सहयोग के अभाव में यह वर्ग लगातार पिछड़ता जा रहा है। यदि राज्य में तेल घानी बोर्ड का गठन किया जाता है, तो इससे पारंपरिक तेल व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और समाज के लोगों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता एवं बाजार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण मांग को झारखंड विधानसभा में मजबूती से उठाया जाए, ताकि सरकार का ध्यान तेली समाज की समस्याओं और जरूरतों की ओर आकृष्ट हो सके। विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और समाज के हित में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तेली समाज के उत्थान से जुड़े मुद्दों पर वे सदन में प्रभावी तरीके से आवाज उठाने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर झारखंड तैलीक साहू सभा की ओर से विधायक पूर्णिमा साहू को बुके भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि तेल घानी बोर्ड के गठन को लेकर जल्द ही ठोस पहल होगी और इससे समाज को एक नई दिशा व मजबूती मिलेगी।



