जयपुर रत्न मंदिर के नए शोरूम का उद्घाटन, रांची में शुरू हुआ तीसरा प्रतिष्ठान
रांची: आभूषणों के कारोबार में अपनी परंपरा, गुणवत्ता और विश्वसनीयता के लिए पहचान रखने वाली जयपुर रत्न मंदिर प्राइवेट लिमिटेड ने रांची में अपने तीसरे शोरूम की शुरुआत की। मेन रोड स्थित आर. अली ग्रैंड मॉल के दुकान संख्या-10 में नए प्रतिष्ठान का उद्घाटन उपमहापौर नीरज कुमार और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि नए शोरूम के खुलने से शहरवासियों को आभूषणों की खरीदारी के लिए एक और बेहतर विकल्प मिलेगा। उन्होंने प्रतिष्ठान के संचालक दीपक गुप्ता को नई शुरुआत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता ग्राहकों के विश्वास, उत्पादों की गुणवत्ता और बेहतर सेवा पर निर्भर करती है। वहीं, विशिष्ट अतिथि अजय मारू ने कहा कि आभूषण कारोबार में पारदर्शिता और ग्राहकों का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है।
प्रतिष्ठान के संचालक दीपक गुप्ता ने बताया कि रांची में यह कंपनी का तीसरा बड़ा शोरूम है। कंपनी अपनी परंपरा, भव्यता और विश्वसनीयता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस नए प्रतिष्ठान की शुरुआत कर रही है। यहां ग्राहकों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सोने, हीरे और चांदी के आभूषण उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर भी शुरू किया गया है। इसके तहत हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों पर अधिकतम तीन प्रतिशत तक मेकिंग चार्ज तथा सोने की खरीदारी पर शून्य प्रतिशत मेकिंग चार्ज का विकल्प दिया जा रहा है। इसके अलावा जेम्स और स्टोन थोक दरों पर उपलब्ध होंगे, जबकि सोने, हीरे और चांदी के आभूषण खुदरा दरों पर खरीदे जा सकेंगे।
दीपक गुप्ता ने कहा कि प्रतिष्ठान में हॉलमार्क और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों को बेहतर उत्पादों के साथ खरीदारी का भरोसेमंद अनुभव उपलब्ध कराना है।


