सात महीने से वेतन नहीं मिलने पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मियों का धरना, पेन डाउन हड़ताल की चेतावनी
रांची : झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में जल जीवन मिशन के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मियों ने सात महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को विभागीय कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने विभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की।
धरना दे रही कर्मी शिवानी ने बताया कि वे लोग पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वाटर टेस्टिंग लैबोरेटरी में कार्यरत हैं। पिछले सात महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद लगातार काम लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। त्योहारों के मौसम में भी वेतन नहीं मिलने से कई कर्मियों के परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
कर्मियों के अनुसार पूरे झारखंड में करीब 200 आउटसोर्सिंग लैबोरेटरी कर्मी कार्यरत हैं। वेतन भुगतान को लेकर कई बार विभाग से गुहार लगाई जा चुकी है। कर्मियों का कहना है कि विभाग की ओर से उन्हें बताया जाता है कि टेंडर होने के बाद वेतन का भुगतान किया जाएगा। हालांकि, तीन से चार बार टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने के बाद उसे स्थगित किया जा चुका है।
कर्मियों ने आरोप लगाया कि वेतन भुगतान नहीं होने के बावजूद विभाग की ओर से उनसे लगातार काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो वे पेन डाउन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। कर्मियों ने सरकार और विभाग से बकाया सात महीने के वेतन का जल्द भुगतान कराने और उनकी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। इस अवसर पर संजीव कुमार,तोफन कुमार महतो,सुरभि गोप,उर्मिला,मनीषा,प्रवीण प्रभाकर,रामपुकार प्रसाद,सुशीला,गणेश,महेश,नेहा, शिखा कुमारी सहित कई कर्मी मौजूद थे।


