तिलमी स्कूल के बच्चों के फूड प्वाइजनिंग मामले में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लिया जायजा, सभी बच्चे खतरे से बाहर
खूंटी : कर्रा प्रखंड के तिलमी स्थित पीएम श्री उत्क्रमित मध्य सह उच्च विद्यालय के बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बताया गया कि करीब 100 बच्चे फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित हुए हैं। इनमें कई बच्चों का इलाज कर्रा सीएचसी में चल रहा है, जबकि कुछ बच्चों का उपचार गांव में ही किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कर्रा अस्पताल पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. झा से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में भर्ती बच्चों और उनके अभिभावकों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा ने बताया कि बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है और फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है तथा कोई भी बच्चा खतरे से बाहर है।
जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने घटना को चिंताजनक बताते हुए बच्चों और अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
मौके पर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि विलसन तोपनो, जिला महासचिव ऋतुराज झा, अजय किशोर मुंडा, कर्रा सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग, प्रखंड अध्यक्ष अल्बर्ट तिग्गा, एलेक्सियूस परधिया, अनमोल होरो, शशिकांत होरो और अब्बास खलीफा मौजूद थे।


