झारखंडी परंपरा, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच भाजपा के प्रदेश प्रभारी व सह-प्रभारियों का भव्य स्वागत
रांची : झारखंड भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों के रांची पहुंचने पर सोमवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल तथा प्रदेश के दोनों सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के आगमन पर एयरपोर्ट परिसर ढोल-नगाड़ों और पार्टी कार्यकर्ताओं के जयघोष से गूंज उठा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप तीनों नेताओं का फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में नए संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के साथ प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह, जो छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष हैं, तथा बिहार विधान परिषद की सदस्य निवेदिता सिंह भी झारखंड पहुंचीं। पार्टी नेताओं ने कहा कि नए प्रभारी और सह-प्रभारियों के नेतृत्व में झारखंड में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की दिशा में काम किया जाएगा।
स्वागत करने वालों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री शालिनी बैसिखियार, सरोज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, विरंची नारायण, सीमा सिंह, सन्नी टोप्पो, संदीप वर्मा, सूरज शाहदेव, वरुण साहू, धीरज महतो, जितेंद्र वर्मा, जितेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


