रांची नगर निगम का 47वां स्थापना दिवस सादगी से मना

रांची : रांची नगर निगम का 47वां स्थापना दिवस मंगलवार को निगम कार्यालय में सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव एवं सेवानिवृत्त कर्मियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने निगम के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
महापौर ने कहा कि निगम के कार्य सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़े हैं। ऐसे में जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्परता से कार्रवाई करना जरूरी है। उन्होंने कर्मियों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों की उपस्थिति भी रही। अधिकारियों ने निगम की उपलब्धियों और भविष्य में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया। स्थापना दिवस के मौके पर निगम कर्मियों ने शहर की स्वच्छता, विकास और नागरिक सेवाओं को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *