FJCCI चुनाव परिणाम पर पी-21 ने उठाए सवाल, रिकाउंटिंग की मांग,कार्यालय में किया हंगामा
रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही चुनावी प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव में तीसरे गुट के रूप में मैदान में उतरी टीम पी-21 ने परिणाम पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयुक्त से रिकाउंटिंग कराने की मांग की है। टीम की ओर से चुनाव आयुक्त पवन शर्मा और अंचल किंगकर को लिखित शिकायत भी दी गई है।
पी-21 के मनोज मिश्रा और पूनम आनंद ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह पर रोक लगाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह आयोजित किया जाना उचित होगा।
मनोज मिश्रा ने कहा कि FJCCI के इतिहास में पहली बार चुनाव परिणाम को लेकर इस तरह के गंभीर सवाल उठे हैं। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयुक्त की ओर से शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई और निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो पी-21 की ओर से न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में चार प्रत्याशियों ने चुनाव में धांधली किया है। इसका वीडियो फुटेज सोशल मीडिया में जारी करने की बात कही।
गौरतलब है कि FJCCI चुनाव में कुल 21 पदों के लिए परिणाम घोषित किया गया है। घोषित परिणाम के अनुसार टीम तुलसी पटेल के 13 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल के आठ प्रत्याशी निर्वाचित हुए। परिणाम आने के बाद अब पी-21 की ओर से रिकाउंटिंग की मांग किए जाने से चुनावी विवाद गहरा गया है। हालांकि, चुनाव परिणाम में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर चुनाव आयुक्त की ओर से आधिकारिक रूप से क्या निर्णय लिया जाता है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।


