तुलसी पटेल अध्यक्ष और रोहित अग्रवाल बने महासचिव,FJCCI की नई टीम का गठन

रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के सत्र 2026-27 के लिए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारियों का गठन मंगलवार को चैंबर भवन में किया गया। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर एवं पवन शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। तुलसी पटेल को चैंबर का अध्यक्ष, जबकि रोहित अग्रवाल को महासचिव चुना गया।
बैठक में विकास विजयवर्गीय एवं रोहित पोद्दार को उपाध्यक्ष, अमित शर्मा एवं पूजा ढाढा को सह सचिव तथा नवजोत अलंग को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के बाद चुनाव पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को पदभार सौंपा और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स के हित में समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल ने चुनाव में मिले सहयोग और समर्थन के लिए चैंबर के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्यमियों के सहयोग से चैंबर को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा। व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सरकार एवं प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
उन्होंने चैंबर के स्थापना दिवस पर संस्थापक अध्यक्ष स्व. राय बहादुर हरक चंद जैन एवं संस्थापक सचिव स्व. ए.आर. बुधिया को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और प्रयासों से स्थापित संस्था आज राज्य के व्यापारियों एवं उद्यमियों की मजबूत आवाज बन चुकी है। संस्थापकों की परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाते हुए चैंबर को और सक्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, डॉ. अभिषेक रामाधीन, प्रवीण लोहिया, विनीता सिंघानिया, राम बांगड़, मनीष जैन, निधि झुनझुनवाला, आस्था किरण, अमित अग्रवाल, राहुल साबू, अनिल अग्रवाल, अमित किशोर, मोनिका गोयनका समेत निवर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *